Surendra Singh : स्मृति ईरानी के करीबी की हत्या, कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर शक

Share

दिन में निकाला था विजय जुलूस, रात को कर दी गई हत्या

उप राष्ट्रपति और स्मृति ईरानी के साथ सुरेंद्र सिंह

अमेठी। कांग्रेस के गढ़ अमेठी में स्मृति ईरानी की जीत के दो दिन बाद ही उनके करीबी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बरौलिया गांव के पूर्व ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह की उस वक्त हत्या कर दी गई जब वे घर पर सो रहे थे। सुरेंद्र प्रधान घर के बरामदे में सो रहे थे। रात करीब 3 बजे उन्हें गोली मार दी गई। परिवार के मुताबिक स्मृति ईरानी की जीत में सुरेंद्र सिंह की भूमिका अहम थी। लिहाजा कांग्रेस कार्यकर्ता इससे नाराज थे। इसी राजनीतिक कटुता के चलते उनकी हत्या की गई है।

तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि सुरेंद्र सिंह नवनिर्वाचित सांसद स्मृति ईरानी के खास कार्यकर्ता थे। उनकी हत्या की खबर सुनते ही स्मृति दिल्ली से अमेठी के लिए रवाना हो गई है। वे बरौलिया गांव पहुंचकर सुरेंद्र के परिवार से मिलेंगी।

बताया जा रहा है कि शऩिवार को सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में स्मृति ईरानी की जीत का जश्न मनाया गया था। विजय जुलूस निकाला गया था। जिसने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को और भी नाराज कर दिया था।

मृतक सुरेंद्र सिंह

सुरेंद्र के भाई नरेंद्र सिंह और बेटे अभय प्रताप सिंह ने कहा, ‘स्मृति इरानी के चुनाव में लगातार वह ऐक्टिव रहे, स्मृति को जिताने में सुरेंद्र की काफी अहम भूमिका थी। राहुल गांधी के हारने से कई कांग्रेसी नाराज थे।’

बेटे अभय ने बताया, ‘स्मृति इरानी की जीत को लेकर हम लोग जश्न भी मना रहे थे, जो कई कांग्रेस समर्थकों को अच्छा नहीं लगा। कहीं ना कहीं राजनीतिक द्वेष के चलते पिता की हत्या की गई। हम स्मृति इरानी से अपील करते हैं कि पिता के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सजा दिलाएं।

यह भी पढ़ें:   UP Crime : 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म, पीड़ित परिवार पर पंचायत ने बनाया समझौते का दवाब

डीजीपी ने 12 घंटे में इस मामले का खुलासा करने का दावा किया है। डीजीपी ओपी सिंह ने बताया कि संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं दूसरी तरफ घटना के बाद इलाके में तनाव है लिहाजा भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

Don`t copy text!