MP Political News: मोदी के नाम पर भगवंत मान कूटनीतिक तो केजरीवाल ने दिखाई आक्रामकता

Share

MP Political News: भावावेश में आकर पंजाब के मुख्यमंत्री वह बोल गए जिसको दिल्ली के मुख्यमंत्री ने माइक संभालने के बाद उसको सुधारा, दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री ने शिवराज और मोदी के नाम पर 47 जगहों पर यह बोलकर तंज कसा, एक घंटा मंच पर देरी से पहुंचे, फिर भी कुर्सी संभालने तक पांच बार एक ही गाना बजाना पड़ा

MP Political News
भेल के दशहरा मैदान में आयोजित आप पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में आए कार्यकर्ता।

भोपाल। मध्यप्रदेश (MP Political News) में इस साल विधानसभा चुनाव होना है। यहां सभी सीटों पर आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ेगी। इस बात का वह ऐलान बहुत पहले कर चुकी है। लेकिन, रणनीतियां अभी भी पर्दे के पीछे हैं। इस वर्ष भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का कई बार दौरा हो चुका है। उसके मुकाबले दंगल में चुनौती देने का दावा कर रही आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल (CM Arvind Kejriwal) और भगवंत मान (Bhagwanat Maan) की संयुक्त जनसभा जो बाद में कार्यकर्ता सम्मेलन में बदल गई उसको संबोधित करने पहुंचे। दोनों मुख्यमंत्री है जो दिल्ली (Delhi) और पंजाब (Punjab) जैसे राज्यों की कुर्सी पर आसीन है। दोनों नेता तय समय से एक घंटा देरी से पहुंचे। दोनों नेताओं ने जैसा कि तय था भाजपा—कांग्रेस को कोसने में कोई कसर नहीं छोड़ी। हालांकि इस दौरान भगवंत मान ने कूटनीतिक तरीका अपनाया। जबकि केजरीवाल आक्रामक मूड में नजर आए।

आधा घंटा बोले भगवंत मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपनी सरकार की उपलब्धियां एमपी की जनता को गिनाई। उन्होंने कहा कि एमपी की तरह ही पंजाब में भी मालवा है। मैं उसी क्षेत्र से आता हूं। यह पार्टी आंदोलन से बनी है। जिसकी चर्चा उत्तर—दक्षिण, पूर्व—पश्चिम में नहीं बल्कि विश्व स्तर पर होती है। उन्होंने पंजाब में किए गए कार्यों का ब्यौरा बताते हुए कहा कि केजरीवाल मॉडल पर पंजाब के बाद मध्यप्रदेश में भी विकास होगा। गरीब के बच्चे डॉक्टर—वकील बन सकेंगे। भगवंत मान ने कहा कि एमपी में कांग्रेस में वह ताकत नहीं है। यहां उनकी सरकार को भाजपा ने छीन लिया। जिसके बाद कर्नाटक और गोवा में भी यह चला। इसलिए जनता को कांग्रेस पर यकीन नहीं रहा। उन्होंने एमपी और दिल्ली में तुलना करते हुए बताया कि एक यह प्रदेश है। दूसरे केजरीवाल है जो शेर की मांद में बैठकर सरकार चला रहे हैं। यहां शेर की मांद से मतलब प्रधानमंत्री मोदी की तरफ इशारा था।

जीएसटी पर भी कसा तंज

MP Political News
जनसभा बोलकर मीडिया को बुलाया लेकिन गेट पर कार्यकर्ता सम्मेलन लिखा था।

भगवंत मान ने कहा कि किसानों पर जब गोलियां चली थी तब वे एमपी (MP Political News) में दौरा करने आए थे। उन्होंने कहा कि एमपी में सरकार कर्ज लेकर चल रही है। जबकि दिल्ली में केजरीवाल सरकार मुफ्त बिजली, पानी, अस्पताल, शिक्षा देकर भी फायदे में चल रही है। इस जनता के कल्याणकारी नीतियों को भाजपा फ्री रेवड़ी लगती है। उन्होंने अडानी की तरफ इशारा करते हुए कहा कि तीन—चार दोस्त जो कर रहे हैं उसे रेवड़ी कहते हैं। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि यह आपकी लड़ाई है। हमारे पास लूटा गया माल नहीं है। चुनाव के वक्त कोई पैसा दे तो उसे मना नहीं करना। लेकर रख लेना और झाड़ू पर जाकर बटन दबा देना। भगवंत मान ने केंद्र की जीएसटी पॉलिसी को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि पेड़ नीम का लगाया, उसमें केले लगे, अंगूर के गुच्छे बने और नीचे गिरते ही बैर बीनने पड़े। कुछ इसी तरह का जीएसटी का फॉर्मूला है।

कार्यकर्ता से केजरीवाल बोले लव यू टू

भगवंत मान ने कहा कि अच्छे—अच्छे कारोबारियों को जीएसटी आज तक समझ नहीं आया। अपनी सरकार की नीतियों पर बोलते हुए उन्होंने कहा मुझे कुर्सी संभालते हुए एक साल होने जा रहा है। हमारी सरकार ने कई उपज को एमएसपी पर लाया है। सरकारी नौकरियां दी है, स्कूल आधुनिक बनाए जा रहे हैं। अस्पताल पर बोझ कम करने संजीवनी क्लीनिक खोल दी है। भगवंत मान ने कहा कि केंद्र राज्य के हिस्से के नौ हजार करोड़ रूपए नहीं दे रही। वहीं जीएसटी में जो हक राज्य सरकार का है उसका भी भुगतान नहीं किया जा रहा। भगवंत मान के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (CM Arvind Kejriwal Speech) ने मोर्चा संभाला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जमकर नारेबाजी कराई। इसी दौरान एक कार्यकर्ता ने आई लव यू केजरीवाल बोला। जिस पर उन्होंने आई लव यू टू बोलकर कार्यकर्ता का उत्साह बढ़ाया। केजरीवाल ने कहा कि एमपी में पूरी व्यवस्था, संविधान और लोकतंत्र को खुलेआम खरीद—फरोख्त करके बाजार बना दिया है।

यह भी पढ़ें:   Bhopal Property Fraud: दूसरे का प्लाट अपना बताकर किया एग्रीमेंट

थीम से एक लाइन नहीं भटके केजरीवाल

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा वोट किसी को भी दो सरकार मामा की बनती है। वोटर बेबस हो गया है। लेकिन, इस बार झाड़ू लगेगी। एमएलए खरीदने—बेचने वालों की सफाई होगी। उन्होंने कहा कि एमपी (MP Political News) के सिंगरौली से आम आदमी पार्टी की एंट्री हो चुकी है। आने वाले दिनों में पूरी फिल्म बनेगी। उन्होंने कहा एमपी में कांग्रेस ने 45 साल तो भाजपा ने 20 साल राज किया। दोनों पार्टियों को जनता ने भरपूर मौका दिया। लेकिन, दोनों ही दलों ने बारी—बारी से जनता को लूटने का काम किया। इस बार एक मौका आम आदमी पार्टी को दे देना। काम न करूं तो दूसरी बार वोट मांगने नहीं आउंगा। लोग मुझे जिद्दी कहते हैं, यह बात सही है लेकिन जिद भ्रष्टाचार को मिटाने की है। मुझे दिल्ली में सिर्फ 49 दिन मिले। फिर उसके बाद 67 तो तीसरी बार 62 सीट मिली। इसके बाद पंजाब में पार्टी को वहां की जनता ने 92 सीट देकर मौका दिया। एमपी में भी मौका मिले तो बिजली मुफ्त की जाएगी। एमपी (MP Election Campaign) में आप पार्टी एक मौका केजरीवाल को थीम पर चुनाव में उतरने जा रही है। केजरीवाल का पूरा भाषण इसी थीम के आस—पास ही रहा।

व्यापमं में शामिल लोग दिखाई नहीं देते क्योंकि

MP Political News
ऊपर दिल्ली केे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और नीचे मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान- File Photo

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमें नौकरी देनी आती है। एक मौका देकर देखो। कच्चे कर्मचारी पक्के कर देंगे। एक मौका देकर तो देखो। हमने पंजाब में ऐसा करके दिखाया है। हमारी पार्टी धर्म जाति, गाली—गलौज की बजाय काम की राजनीति करती है। हमने गुजरात में जाकर 14 फीसदी वोट हासिल कर लिए हैं। अगली बार वहां भी सरकार बनाकर दिखाएंगे। केजरीवाल ने कहा कि मुझ पर कई तरह के कीचड़ उछाले गए। मेरा कुछ नहीं हुआ तो मेरे दो शानदार मंत्री सत्येन्द्र जैन और मनीष सिसोदिया को जेल में डाल दिया। जबकि इन दोनों मंत्रियों ने मुफ्त बिजली स्कीम, मोहल्ला क्लीनिक और सरकारी स्कूलों को आदर्श बनाने की योजना में अपना सर्वस्व झोंक दिया। आज यह दोनों मंत्री जेल के भीतर है। उन्होंने कहा कि एमपी (MP Vyapam Scam) में व्यापमं जैसा संगीन घोटाला हुआ। लेकिन, प्रधानमंत्री ने कभी भी उनके खिलाफ सख्ती नहीं दिखाई। इसमें 45 लोगों की मौत भी हो गई। लेकिन, प्रधानमंत्री एमपी (MP Political News) में किसी को जेल नहीं भेजते। उन्होंने कहा कि देश की दूसरी पार्टी के नेता से कहा जाता है कि भ्रष्टाचार अब भाजपा में आकर करो। इसलिए ईडी—सीबीआई से बचने भ्रष्ट नेता उनकी पार्टी का दामन थाम रहे हैं। दरअसल, एमपी में रातोंरात खेल करते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया के कई विधायक भाजपा में शामिल हो गए थे। जिसके बाद कमलनाथ सरकार गिर गई थी।

यह भी पढ़ें:   Extramarital Affairs : पति ने प्रेमिका के साथ मिलकर की थी पत्नी की हत्या, सबूत मिटाने लाश बोरे में भरकर फेंका नाले पर

टैक्स की रकम लेना है इसलिए भगवंत मान बचकर बोले

आम आदमी पार्टी का कार्यक्रम दोपहर दो बजे से शुरू होना था। जिसमें अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान एक घंटा देरी से मंच पर पहुंचे। इसकी वजह भी नहीं बताई और कार्यकर्ताओं से इस विषय पर संवाद भी नहीं किया। खबर है कि इस दौरान कुछ दूसरे दलों के नेताओं के दूतों के साथ उन्होंने गुपचुप मुलाकात की है। भाषण के दौरान एक जगह भगवंत मान यह बोल रहे थे कि आप में दूसरे दलोें से लोग नहीं आए है। जिसको संशोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह आंदोलन से खड़ी हुई पार्टी है। मतलब साफ है कि एमपी में आप पार्टी आउटसोर्स करेगी। जिसको जानते हुए भगवंत मान बोलते—बोलते बात काट गए। भगवंत मान ने पूरे भाषण के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) को सीधे नाम से न पुकारते हुए “बड़े साहब” बोलकर संबोधित किया। ऐसा उन्होंने लगभग पांच बार किया। जबकि दो स्थानों पर उन्होंने केवल मोदी बोला। उन्होंने दो बार शिवराज सिंह चौहान का नाम लेकर उन पर तंज कसा।

मंत्रियों की गिरफ्तारी से दुखी दिखे केजरीवाल

MP Political News
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल— फाइल फोटो

आम आदमी पार्टी की सभा में लगभग आधा दर्जन बार मनीष सिसोदिया (Manish Sisodiya) का नाम लिया गया। जबकि दो बार सत्येन्द्र जैन (Satyendra Jain) का नाम भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने लिया। सर्वाधिक आक्रामक मूड में अरविंद केजरीवाल नजर आए। उन्होंने देश के लिए कम पढ़ा—लिखे प्रधानमंत्री के कारण होने वाले नुकसान का हवाला देते हुए काफी आक्रामक तंज कसा। केजरीवाल ने कहा कि मनीष सिसोदिया को भारत का शिक्षा मंत्री बनाया जाना था। लेकिन, उन्हें जेल के भीतर डाल दिया गया। कम पढ़े लिखे प्रधानमंत्री अर्थशास़्त्र, इकोनामी क्या जाने। जिसका खामियाजा देश भोग रहा है। देश चौपट हो गया। बेरोजगारी बढ़ गई। उन्होंने कोरोना के दौरान थाली बजाने पर भी तंज कसा। केजरीवाल ने कहा कि ईमानदारी क्या होती है यह हमारी पार्टी से सीखना चाहिए। भगवंत मान ने अपने ही राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और विधायक को जेल भिजवा दिया। ऐसा ही वे भाजपा—कांग्रेस के साथ पंजाब में कर रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने करीब 28 मिनट अपना भाषण दिया। मंच का संचालन शहनाज हिंदुस्तानी ने किया। तीनों वक्ताओं ने शिवराज या मामा बोलकर 24 स्थानों पर उनका उल्लेख किया। इसी तरह मोदी, बड़े साहब और प्रधानमंत्री बोलकर 27 बार संबोधित किया गया। यह नाम या तंज 120 मिनट में बोला गया।

यह भी पढ़िएः तीन सौ रूपए का बिल जमा नहीं करने पर बिजली काटने के लिए आने वाला अमला, लेकिन करोड़ों रूपए के लोन पर खामोश सिस्टम और सरकार का कड़वा सच

खबर के लिए ऐसे जुड़े

MP Political News
भरोसेमंद सटीक जानकारी देने वाली न्यूज वेबसाइट

हमारी कोशिश है कि शोध परक खबरों की संख्या बढ़ाई जाए। इसके लिए कई विषयों पर कार्य जारी है। हम आपसे अपील करते हैं कि हमारी मुहिम को आवाज देने के लिए आपका साथ जरुरी है। हमारे www.thecrimeinfo.com के फेसबुक पेज और यू ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें। आप हमारे व्हाट्स एप्प न्यूज सेक्शन से जुड़ना चाहते हैं या फिर कोई घटना या समाचार की जानकारी देना चाहते हैं तो मोबाइल नंबर 7898656291 पर संपर्क कर सकते हैं।

Don`t copy text!