Bhopal News: आधी रात हजारों की संख्या में जमा हुआ युवा वर्ग, पूरे प्रदेश के मुसलमानों को भोपाल आने सोशल मीडिया में संदेश वायरल, विरोध और प्रदर्शन के वीडियो रोकने सायबर क्राइम की ली जा रही मदद

भोपाल। होटल प्राइड इन के कमरे से निकालकर मोहम्मद आरिफ के साथ हुई बर्बरता के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना के खिलाफ मुस्लिम समाज (Muslim Samaj) काफी आक्रोश में हैं। यह घटना भोपाल शहर के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में हुई थी। जिसके चलते 12 मई की दोपहर दिनभर काफी गहमागहमी पुलिस मुख्यालय के अलावा पुलिस कमिश्नर कार्यालय में बनी रही। इधर, मंगलवार रात हजारों की संख्या में मुस्लिम युवा सड़क पर उतर आया। हमीदिया अस्पताल से लेकर पीरगेट तक भारी संख्या में लोग जमा होने लगे। इसके अलावा सोशल मीडिया में बर्बरता के खिलाफ एकजुट होने को लेकर कई संदेश वायरल हो रहे हैं। इन्हें देखते हुए पुलिस मुख्यालय की इंटेलीजेंस शाखा सक्रिय हो गई है।
युवती ने कार्रवाई करने से किया इंकार
गोविंदपुरा (Govindpura) थाना पुलिस के अनुसार गौतम नगर में होटल प्राइड इन (Hotel Pride Inn) पर 10 मई की शाम कथित बजरंग दल और विहिप कार्यकर्ता पहुंचे। उन्होंने आरिफ खान पिता खलील मोहम्मद उम्र 27 साल का दबोचा। वह फिलहाल मंगलवारा (Mangalwara) थाना क्षेत्र में रहता है। मूलत: वह जहांगीराबाद थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसके साथ एक हिंदू महिला भी थी। उसको पुलिस थाने ले गई तो उसका कहना था कि वह आरिफ खान (Arif Khan) के साथ पांच साल से लिव इन में रहती है। उसने कोई कार्रवाई करने से इंकार कर दिया था। आरिफ खान के खिलाफ कोहेफिजा, हनुमानगंज, गुनगा और गोविंदपुरा थानों में धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और चोरी समेत आधा दर्जन मुकदमे पहले से दर्ज है। वह कई मामलों में पहले से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक चाकू (Knife) भी बरामद हुआ। मोहम्मद आरिफ उर्फ नदीम (Mohammed Arif@Nadeem) के खिलाफ आर्मस एक्ट का प्रकरण दर्ज करके उसकी गिरफ्तारी के संबंध में अन्य थानों को भी सूचित कर दिया था। इससे पहले उसके चेहरे पर गोबर और स्याही पोतकर उसके कपड़े फाड़कर उसे अर्द्धनग्न किया गया था।
इसलिए जताया जा रहा विरोध
10 मई को जब यह हंगामा हो रहा था तब मुस्लिम भावनाओं को आहत करने वाला बयान दिया गया था। ऐसा करते वक्त गोविंदपुरा थाने के पुलिस कर्मचारी भी थे। इसलिए मुस्लिम धर्मगुरुओं ने उन पुलिस कर्मचारियों को सस्पेंड करने की मांग पुलिस कमिश्नर संजय कुमार (Police Commissioner Sanjay Kumar) से की थी। ऐसा करने से पहले शहर काजी और उनके नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल के बीच ताजुल मसाजिद (Taj-ul-Masajid) के पास कार्यालय में चर्चा हुई थी। चर्चा के बाद बाइक (Bike) में सवार सैंकड़ों युवाओं ने अल्लाह हू अकबर नारा ए तकबीर का नारा लगाते हुए पुलिस कमिश्वनर संजय कुमार को 12 मई की दोपहर दोपहर चार बजे ज्ञापन सौंपा था। वहीं उत्तर भोपाल विधानसभा के विधायक आतिफ अकील (Atif Aqeel) ने भी पुलिस मुख्यालय (PHQ) में जाकर एडीजी इंटेलीजेंस ए.साई मनोहर (ADG A.Sai Manohar) को ज्ञापन सौंपा था।
सोशल मीडिया पर विशेष चौकसी

मंगलवार रात हुए प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस मुख्यालय की इंटेलीजेंस शाखा सक्रिय हो गई है। दरअसल, पुलिस (Bhopal News) को पता चला है कि विरोध करने वालों में अलग—अलग गुट हो गए हैं। एक गुट पुलिस प्रशासन की तरफ से मिली मोहलत तक चुप रहने पर सहमत है। जबकि दूसरा गुट चाहता है कि इस मामले को शांत होने की बजाय तूल देकर ध्रुवीकरण किया जाए और उसमें नेतृत्व का हिस्सा बनकर मौके को प्रतिष्ठा पाने भुनाया जाए। इन सभी आंतरिक गतिविधियों पर पुलिस मुख्यालय की इंटेलीजेंस शाखा (Intelligence Branch) सक्रिय है। इस भीड़ में शामिल उपद्रवी तत्व पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। इसके अलावा सोशल मीडिया के जरिए भोपाल तत्काल का मामला बोलकर अफवाह फैलाने वाले वीडियो पर भी निगाह है। ऐसे वीडियो को सायबर क्राइम के जरिए रोकने का प्रयास किया जा रहा है। भोपाल में हुई इस घटना का असर रायसेन, विदिशा, सीहोर समेत अन्य जिलों में भी पहुंच गया है।
बजरंग दल ने किया किनारा
इधर, मामले के तूल पकड़ने पर बजरंग दल (Bajrang Dal) और विहिप की तरफ से प्रसार विभाग ने अपना संदेश सोशल मीडिया में जारी किया है। हिंदू संगठन का कहना है कि लव जिहाद जैसे गंभीर मसले पर वे सक्रिय हैं और आगे बढ़कर कार्रवाई कराते हैं। लेकिन, इसके लिए वे पुलिस और प्रशासन की मदद लेते हैं। जिन्होंने यह कृत्य किया है उन लोगों का संगठन से कोई लेना—देना नहीं हैं। इसके अलावा हिंदू संगठन पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक गोविंदपुरा थाना क्षेत्र स्थित एक मंदिर में 12 मई रात आयोजित भी की गई थी। मामले में संगठन की छवि को लेकर काफी चर्चा हुई। हालांकि इस संबंध में मीडिया बयान अभी जारी नहीं किया गया है।
आरोपी चिन्हित, बाल अपचारी समेत दो गिरफ्तार

इधर, गोविंदपुरा थाना पुलिस ने पुलिस मुख्यालय और पुलिस कमिश्नर कार्यालय से मिले निर्देशों के बाद धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रकरण दर्ज कर लिया है। वायरल वीडियो (Video) के आधार पर लालाराम मीना और बृजेंद्र प्रजापति को चिन्हित कर लिया गया है। इसके अलावा अभद्र गाली—गलौज करने वाले चेहरे को दबोचा तो वह बाल अपचारी निकला। उसकी उम्र छोटी होने के कारण बाल संप्रेक्षण गृह उसे भेजा जा रहा है। जबकि लालाराम मीना (Lalaram Meena)को गिरफ्तार करके काफी सुरक्षा व्यवस्था में उसे जेल भेजने की तैयारी पुलिस की तरफ से की जा रही है। वहीं एक अन्य आरोपी बृजेंद्र प्रजापति (Brajendra Prajapati) का सुराग पुलिस को नहीं मिल सका है। वह अपने घर और संभावित ठिकानों से फरार चल रहा है।
खबर के लिए ऐसे जुड़े

हमारी कोशिश है कि शोध परक खबरों की संख्या बढ़ाई जाए। इसके लिए कई विषयों पर कार्य जारी है। हम आपसे अपील करते हैं कि हमारी मुहिम को आवाज देने के लिए आपका साथ जरुरी है। हमारे www.thecrimeinfo.com के फेसबुक पेज और यू ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें। आप हमारे व्हाट्स एप्प न्यूज सेक्शन से जुड़ना चाहते हैं या फिर कोई घटना या समाचार की जानकारी देना चाहते हैं तो मोबाइल नंबर 7898656291 पर संपर्क कर सकते हैं।