राजनांदगांव में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, 5 महिला नक्सली समेत 7 ढ़ेर, एक जवान घायल

Share

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सफल ऑपरेशन के लिए जवानों को दी बधाई

सांकेतिक फोटो

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित राजनांदगांव जिले में सुरक्षाबलों ने शनिवार को मुठभेड़ में पांच महिला नक्सली समेत सात नक्सलियों को मार गिराया है। इस मुठभेड़ में डीआरजी का एक जवान भी घायल हुआ है।

राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राजनांदगांव जिले के बाघनदी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सीतागोटा गांव के जंगल में शनिवार सुबह सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में सात नक्सलियों को मार गिराया है। मरने वालों में पांच महिला नक्सली भी शामिल है। इस दौरान डीआरजी का एक जवान भी घायल हुआ है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया बाघनदी थाना क्षेत्र में नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना के बाद डीआरजी और जिला बल के जवानों को शुक्रवार रात को अभियान में रवाना किया गया था। दल जब आज सुबह सीता गोटा गांव के जंगल में था नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी जिसके बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। लगभग दो घंटे तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए थे।

उन्होंने बताया कि बाद में जब सुरक्षा बलों ने घटनास्थल की तलाशी ली। मौके पर पांच महिला नक्सलियों समेत सात नक्सलियों के शव, एक एके-47 राइफल, एक थ्री नाट थ्री बंदूक, एक 12 बोर बंदूक, एक कार्बाइन राइफल और भारी मात्रा में अन्य हथियार बरामद किये गये।

पुलिस अधिकारियों ने बताया इस घटना में डीआरजी का एक जवान आसाराम घायल हुआ है जिसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की हालत खतरे से बाहर है।

यह भी पढ़ें:   Drug Trafficking : मलकानगिरी के जंगलों से हो रहीं थी गांजे की सप्लाई, 34 तस्करों से 3300 किलो गांजा बरामद

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की पहचान दर्रेकसा एरिया कमेटी का डिवीजनल कमेटी मेंबर सुखदेव, कमेटी मेंबर प्रमिला, सीमा, मीना, रितेश, विस्तार पलाटून नंबर एक की सदस्य ललिता और शिल्पा के रूप में हुई है। क्षेत्र में माओवादियों की दर्रेकसा एरिया कमेटी काम करती है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अभी नई दिल्ली दौरे पर हैं, उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली है। मुख्यमंत्री ने इस सफल नक्सल विरोधी अभियान के लिए पुलिस अधिकारियों और जवानों को बधाई दी है।

 

Don`t copy text!