Anti Naxal Operation : चार नक्सली गिरफ्तार, एक महिला नक्सली ने किया सरेंडर

Share

2  लाख की इनामी महिला नक्सली ने किया आत्मसमर्पण

सांकेतिक फोटो

सुकमा। छत्तीसगढ़ में एंटी नक्सल ऑपरेशन (Anti Naxal Operation) जारी है। मंगलवार को पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। नक्सल प्रभावित जिले सुकमा (Sukma) में सुरक्षा बलों ने चार नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। सुकमा जिले के पुलिस अधिकारियों ने आज यहां बताया कि जिले के चिंतलनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोरपल्ली गांव के जंगल में पुलिस ने दंडकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संगठन के सदस्य मड़कम कोसा (20 वर्ष) और मिलकम जोगा (22 वर्ष), जनमिलिशिया सदस्य माड़वी जोगा (27 वर्ष) और भूमकाल मिलिशिया सदस्य बारसे देवा (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चिंतलनार थाना क्षेत्र में नक्सली गतिविधि की सूचना पर सोमवार को सुरक्षा बलों को कोत्तागुड़ा, रावगुड़ा और मोरपल्ली गांव की ओर रवाना किया गया था। उन्होंने बताया कि दल जब मोरपल्ली गांव के जंगल में था, तब नक्सली वहां से भागने लगे। बाद में सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर चार नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों पर हमला करने समेत कई मामले दर्ज हैं।

महिला नक्सली ने किया सरेंडर

वहीं ओडिशा के मलकानगिरी में एक महिला माओवादी ने मुख्यधारा में वापस लौटने की मंशा से यहां आत्मसमर्पण कर दिया। महिला माओवादी पर दो लाख रुपए का इनाम था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अदमे मदकमी (22) करीब पांच साल पहले प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) से जुड़ी थी। उसने मलकानगिरि के पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश डी. खिलाड़ी के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। दरभा डिवीजन में एक समय काफी सक्रिय रहीं मदकमी कम से कम छह मामलों में वांछित थी। इनमें से तीन हत्या से जुड़े मामले हैं। एसपी के अनुसार मदकमी को हिंसा के परिणामों का एहसास हो गया था और वह प्रतिबंधित संगठन छोड़ना चाहती थी। वह माओवादी नेताओं द्वारा महिला कार्यकर्ताओं के साथ किए जाने वाले व्यवहार से निराश थी। पुलिस अधीक्षक ने पत्रकारों को बताया कि मलकानगिरी के मैथिला इलाके की रहने वाली 22 वर्षीय मदकली ने कहा कि माओवादी नेताओं ने दलित वर्ग के विकास और कल्याण के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने ने कहा कि आत्मसमर्पण करने की वजह से मदकमी को ओडिशा सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास योजना के तहत दी जाने वाली सुविधाएं मिलेंगी।

यह भी पढ़ें:   Road Accident : ढ़ाबे पर खाना खाने जा रहे चार युवकों की सड़क हादसे में मौत
Don`t copy text!