तेरह दिन में दो बार पिटी भोपाल पुलिस

Share

पुलिस का खौफ बदमाशों से दूर, रातीबड़ के बाद अब कोतवाली और बजरिया थाना पुलिस की टीम पर पथराव

भोपाल। सरकार बदलने के बाद पेशेवर अपराधियों पर अंकुश लगाने का आदेश जारी है। इस आदेश पर अमल करते हुए भोपाल पुलिस तेरह दिन में दो बार पिट गई। ताजा मामला बजरिया थाना क्षेत्र के सराय सिकंदरी इलाके का है। यहां कैमरों से बकायदा निगरानी की जाती है। इसी कैमरे में टीम आते हुई दिखी तो घरों की महिलाएं पत्थर बरसाने लगी। नतीजतन, पुलिस को उल्टे पांव लौटना पड़ा। इससे पहले रातीबड इलाके में शराब पकड़ने के दौरान पुलिस पिटी थी।

जानकारी के अनुसार लुटेरे फिरोज और जुआ संचालक सोहेल पंचर की तलाश में सिकंदरी सराय मुस्तफा की चाल पहुंची पुलिस टीम पर शनिवार देर रात पथराव कर दिया गया। बदमाश समेत महिलाओं ने पुलिस पर डंडे भी चलाए। हमले में आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए। हमले की खबर लगते ही पुलिस अधिकारी समेत आसपास के चार थानों से भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा। जब तक आरोपी घरों में ताला लगाकर भाग निकले। तड़के चार बजे तक स्टेशन बजरिया इलाका छावनी में तब्दील रहा।  घायलों को तुरंत हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। स्टेशन बजरिया पुुलिस ने पुलिसकर्मियों की शिकायत पर सोहेल पंचर, फिरोज, जावेद, वसीम, सोहेल की बहन फेमिदा, पत्नी शबनम समेत 15-20 लोगों के खिलाफ बलवा, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, एक राय होकर पथराव और डंडे से हमला का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
कोतवाली पुलिस ने दो चोरों को पकड़ा है। पूछताछ में आरोपियों ने फिरोज लुटेरा का नाम भी बताया। उन्होंने बताया कि फिरोज स्टेशन बजरिया स्थित सिकंदरी सराय मुस्तफा की चाल में गुंडा सोहेल पंचर के घर पर मिलेगा। कोतवाली थाने के एएसआई जितेंद्र केवट ने एक टीम बनाई। टीम में केवट के साथ सिपाही धर्मेंद्र रघुवंशी, प्रमोद शर्मा, शिव प्रसाद पांडे थे। चारों पुलिसकर्मी शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे स्टेशन बजरिया के एएसआई दिलीप सिंह मेवाड़ा को साथ लेकर लुटेरे की तलाश में गई।
बताया गया है कि मुस्तफा की चाल संकरी गली में है। जहां अंधेरा था, जैसे ही पुलिस की टीम ने सोहेल पंचर का दरवाजा खटखटाया। तभी मकान की छतों से उन पर पथराव कर दिया गया। साथ ही डंडे बरसाए गए। पुलिस पर हमला करने वालों में बदमाश के साथ महिलाएं भी शामिल थी। इससे पहले पांचों पुलिसकर्मी संभल पाते, पत्थर व डंडे उनके सिर, हाथ-पैर और पीठ में लगे और वे घायल हो गए। जान बचाकर पुलिस की टीम वहां से भाग निकली।
इसके बाद टीम ने घटना की जानकारी कंट्रोल को दी। एएसपी संजय साहू, सीएसपी सलीम खान चार थानों की पुलिस लेकर मौके पर पहुंचे और इलाका घेरा, तब तक आरोपी घरों में ताला लगाकर फरार हो गए। इधर घायलों को तुरंत हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुïट्टी दे दी गई। सीएसपी सलीम खान ने बताया कि पांचों पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आई थीं। कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। पुलिसकर्मियों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों की माने तो सोहेल और फिरोज के करीबियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

यह भी पढ़ें:   Bhopal Road Mishap: सड़क दुर्घटना में जख्मी व्यक्ति की दर्दनाक मौत

 

Don`t copy text!