शादी के लिए लूट लिया बैंक

Share

पुलिस को जांच से भटकाने पानी की कैन में फेंक दी मरी हुई छिपकली, मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार, नीमच के जावद में हुए बंधन बैंक की चोरी का खुलासा

नीमच। शहर के बंधन बैंक में हुई साढे पांच लाख रूपए की चोरी का पुलिस ने चौबीस घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। वारदात को योजनाबद्ध तरीके से बैंक के कर्मचारी और उसके दोस्त ने ही अंजाम दी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करके चोरी की गई नकदी बरामद कर ली है। मुख्य आरोपी ने खुलासा किया है कि उसकी इसी साल शादी होने वाली थी। जिसके लिए उसे पैसों की जरूरत थी, इस काम में उसके दोस्त ने सहयोग किया जो उसकी होने वाली पत्नी की बहन को प्रेम करता है।
एसपी राकेश कुमार सगर ने बताया कि वारदात शनिवार दोपहर हुई थी। शिकायत मामले के मुख्य आरोपी अशोक भट्ट पिता कृष्णगोपाल उम्र 26 साल ने ही की थी। अशोक नीमच के भानपुरा थाना क्षेत्र के पिपल्दा इलाके का रहने वाला है। वह तीन साल से बंधन बैंक में खाता खुलवाने की नौकरी कर रहा था। वह हर शनिवार को जावद स्थित बैंक आता था। अशोक ने ही पुलिस को मरी हुई छिपकली समेत कई अन्य बिंदुओं की जानकारी दी थी। जिसका मिलान बैंक के दूसरे कर्मचारियों से किया गया। इस दौरान कुछ तथ्य मेल नहीं खाए। इसलिए देर रात अशोक से ही गंभीरता से पूछताछ की गई। बैंक के सीसीटीवी फुटेज भी खराब हो गए थे। इसलिए अशोक पर ही मामला गहराया और मालूम हुआ कि आखिरी वक्त अशोक ही कैमरे को बंद करने गया था।
नींद में पहले सुलाया
एसपी ने बताया कि अशोक ने वारदात को अंजाम देने से पहले मेडिकल स्टोर से जमालघोंटा लिया था। इसे उसने अपने साथ लाए गए भोजन में मिलाया था। जिसके बाद बंधन बैंक के कर्मचारियों को नींद आ गई। लेकिन, अशोक बेहोश नहीं हुआ और मेडिकल रिपोर्ट में वह फीट पाया गया। अशोक ने पूछताछ में कबूला कि वारदात में उसका साथ दोस्त स्वप्निल व्यास पिता प्रशांत व्यास उम्र 19 साल की मदद ली थी।
खुद ने ज्यादा रखी थी रकम
अशोक ने बताया कि साढे पांच लाख रूपए में से एक लाख रूपए स्वप्निल को दिए थे। इस काम में एक बाइक का इस्तेमाल हुआ था। जिसे जब्त कर लिया गया है। आरोपी को सोमवार दोपहर अदालत में पेश किया जाएगा। एसपी ने थाना प्रभारी केएल दांगी और उनकी टीम की तत्परता की तारीफ की है।

यह भी पढ़ें:   Bhopal News: शादीशुदा महिला ने पत्र पढ़ा तो हो गई शर्म से पानी—पानी
Don`t copy text!