भाजपा प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा पर फेंका गया जूता, बाल-बाल बचे

Share

साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे नरसिम्हा

बीजेपी प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा

दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के दफ्तर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा पर एक शख्स ने जूते से हमला कर दिया। नरसिम्हा उस वक्त साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। तभी अचानक उनके ऊपर जूता फेंका गया। हालांकि वो इस हमले में बाल-बाल बच गए। जूता उनके पास से होकर गुजर गया। कॉन्फ्रेंस में मौजूद लोगों ने हमलावर को पकड़ लिया है। उसके जेब से बरामद आई कार्ड से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी का नाम डॉ शक्ति भार्गव है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है। शक्ति भार्गव सिविल सर्जन होने के साथ व्हिसिल ब्लोअर भी है। बताया जा रहा है कि वो सोशल मीडिया पर लगातार मोदी सरकार की आलोचना करते आए है। जानकारी के मुताबिक शक्ति भार्गव कानपुर का रहने वाला है।

बता दें कि साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को भारतीय जनता पार्टी ने भोपाल लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। जिसके बाद से विपक्ष के कई नेताओं के तीखे बयान सामने आए है। गुरुवार को ही जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी प्रज्ञा को टिकट दिए जाने पर सवाल उठाया था। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला था। बताया जा रहा है कि जीवीएल नरसिम्हा इन्हीं बयानों के जवाब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। उसी दौरान उन पर जूते से हमला हो गया।

गौरतलब है कि जीवीएल नरसिम्हा राव पहले ऐसे नेता नहीं है जिन पर जूता उछाला गया हो। 2008 में पाकिस्तान के सिंध प्रांत के पूर्व मुख्यमंत्री अरवाब गुलाम रहीम को पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के कार्यकर्ता आगा जावेद पठान ने इस परंपरा की शुरुआत की। इसके बाद इसी साल 14 दिसंबर को अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश को जूता मारा गया। इसके बाद तो सिलसिला चल पड़ा। देश-दुनिया में जूता मारे जाने की 100 से ज्यादा घटनाएं सामने आ चुकी है। इनमें नवीन जिंदल, लाल कृष्ण आडवानी, पी चिदंबरम, मनमोहन सिंह, उमर अबदुल्ला, अरविंद केजरीवाल, प्रशांत भूषण, राहुल गांधी, प्रकाश सिंह बादल, जितन राम मांझी आदि नेता लोगों के जूतामार गुस्से का शिकार हो चुके है।

यह भी पढ़ें:   Bhopal crime : मोदी सरकार बनने पर आया इतना गुस्सा कि खबर सुनाने वाले की कर दी पिटाई
Don`t copy text!