Bhopal में BJP-Congress कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट, जानिए झगड़े की वजह

Share

हॉकर्स कॉर्नर के लोकार्पण में भिड़े बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ता

भोपाल। राजधानी भोपाल (Bhopal) में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हो गई। मैनिट चौराहे पर के पास एक हॉकर्स कॉर्नर के लोकार्पण के दौरान दोनों पार्टी के कार्यकर्ता भिड़ गए। देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल, जंग का मैदान बन गया। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकी। महापौर आलोक शर्मा, बीजेपी पार्षद और कार्यकर्ताओं के साथ हॉकर्स कॉर्नर की शुरुआत करने पहुंचे थे। वहीं कांग्रेस की तरफ से पार्षद मोनू सक्सेना, पार्षद संतोष कंसाना, पार्षद योगेंद्र ‘गुड्डू’ चौहान, पार्षद प्रवीण सक्सेना, पार्षद और जिला कार्यकारी अध्यक्ष आसिफ जकी और पार्षद अमित शर्मा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए थे।

फ्लेक्स पर बीजेपी नेताओं की फोटो पर हुआ विवाद

कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए फ्लेक्स पर बीजेपी नेताओं की तस्वीरें लगाई गई थी। ऊपरी तौर पर बताया जा रहा है कि फ्लेक्स पर लगाई गई फोटो की वजह से विवाद हुआ। फ्लेक्स पर पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता का फोटो लगाया गया था। जिस पर कांग्रेस नेताओं ने आपत्ति ली। विवाद बढ़ा और मारपीट शुरु हो गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पोस्टर फाड़ दिए। कांग्रेस पार्षद मोनू सक्सेना ने बताया कि फ्लेक्स में सिर्फ बीजेपी नेताओं के फोटो लगाए गए थे, उसमें स्थानीय विधायक और जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा की तस्वीर तक नहीं थी। वहीं महापौर आलोक शर्मा का कहना है कि लोकार्पण के लिए मंत्री पीसी शर्मा को आमंत्रित किया गया था। उनके आने में देरी हो रही थी, इसलिए महापौर ही बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ लोकार्पण करने पहुंच गए थे।

यह भी पढ़ें:   कांग्रेस में युवा नेतृत्व को लेकर शुरु हुआ झगड़ा ! ट्विटर पर ट्रेंड हुए जीतू पटवारी

देखें वीडियो

YouTube video

झगड़े की असली वजह हैं गुमठियां

दरअसल फ्लेक्स पर अपने नेता की फोटो होना न होना, इस झगड़े की मुख्य वजह नहीं है। मुख्य वजह है वो गुमठियां जिन्हें नवनिर्मित हॉकर्स कॉर्नर पर रातोंरात रख दिया गया था। कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी नेताओं ने अपने कार्यकर्ताओं की गुमठियां रखवा दी। जबकि नियम के मुताबिक आवंटन प्रक्रिया के बाद ही गुमठियां रखवाई जानी थी। कांग्रेस पार्षद मोनू सक्सेना ने कहा कि ऐसा ही काम सैर सपाटा पर बने हॉकर्स कॉर्नर में बीजेपी नेताओं ने कराया है। कांग्रेस अवैध गुमठियों का विरोध कर रही है। बीजेपी कार्यकर्ता गरीबों का हक छीन रहे है।

पुलिस ने दर्ज किया काउंटर केस

मैनिट चौराहे पर विवाद बढ़ता देख दोनों दलों के बड़े नेता तो मौके से निकल गए। जिसके बाद कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। खूब गाली-गलौच हुई और कुर्सियां फेंकी गई। जिसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ता कमला नगर थाने जा पहुंचे। पुलिस ने दोनों दलों की शिकायत पर मामले दर्ज कर लिए है। बलवा और मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किए गए है। कांग्रेस की तरफ से राहुल नगर में रहने वाली कार्यकर्ता पार्वती सोनवाने ने बीजेपी कार्यकर्ता प्रियंका चौहान व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। वहीं प्रियंका चौहान ने लवकुश, गोलू व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

Don`t copy text!