अमेठी में राहुल गांधी के माथे पर साधा गया निशाना, कांग्रेस ने गृह मंत्री को लिखा पत्र

Share
मंत्रालय का जवाब, कांग्रेस के ही कैमरे की फ्लैश लाइट से बना था निशान

नई दिल्ली। इस चुनावी माहौल में राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक का एक बड़ा मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के अमेठी से लोकसभा प्रत्याशी के तौर पर नामांकन भरने के बाद हुई पत्रकार वार्ता में उन पर 7 बार लेजर का निशाना देखा गया। इस घटना को असामान्य मानते हुए कांग्रेस ने गृह मंत्रालय को पत्र लिखा है। हालांकि मंत्रालय का कहना है कि यह लेजर लाइट कांग्रेस के ही कैमरे की थी।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार को राहुल गांधी अमेठी में लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने गए थे। यहां कांग्रेस अध्यक्ष की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। कांग्रेस ने इसे लेकर गृह मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखा है। पत्र में राहुल गांधी की जान को खतरा होने की बात कहते हुए कांग्रेस ने लिखा है कि मीडिया से बात करते समय राहुल गांधी के सिर पर लगभग 7 बार हरे रंग की लेजर लाईट देखी गयी थी। इसमें दो बार दायीं कनपटी के करीब दिखाई दी।


गृहमंत्री राजनाथ सिंह को लिखे पत्र में कांग्रेस ने देश के दो पूर्व प्रधानमंत्रियों राजीव गांधी और इंदिरा गांधी की हत्या का भी जिक्र किया है। कांग्रेस ने लिखा है कि सुनियोजित तरीके से षड्यंत्र के तहत पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या को आज भी देश के लोग भूले नहीं हैं। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या का जिक्र करते हुए लिखा गया है कि राजीव गांधी की सुरक्षा में सेंध के बारे में देश की खुफिया एजेंसियों द्वारा पहले से ही जानकारी दिए जाने के बावजूद भी श्रीपेरुम्बदूर में 21 मई 1991 को लोकसभा चुनाव के दौरान आतंकियों द्वारा उनकी हत्या कर दी गयी थी।

यह भी पढ़ें:   पुलिस के ऑपरेशन क्लीन स्वीप पर सवाल खड़े करती बूढ़ी मां

इस मामले में उत्तर प्रदेश प्रशासन की खतरनाक चूक बताते हुए कांग्रेस ने केंद्र सरकार से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने अपने पत्र में यह भी लिखा है कि गृह मंत्रालय को पता होना चाहिए कि मौजूदा लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी की जान को सबसे ज्यादा खतरा है। इसलिए किसी भी राजनितिक मतभेद को दरकिनार करते हुए राहुल गांधी की सुरक्षा केंद्र सरकार और मंत्रालय की पहली जिम्मेदारी बनती है।

वहीं दूसरी तरफ गृह मंत्रालय ने इस विषय में जवाब देते हुए कहा है कि राहुल गांधी की सुरक्षा में कथित सेंध के बारे में उन्हें किसी भी प्रकार का कोई पत्र नहीं मिला है। गृह मंत्रालय ने कहा कि अमेठी में राहुल गांधी पर लेजर से निशाना लगाने के बारे में एसपीजी डायरेक्टर से जवाब मांगा गया था, जिस पर डायरेक्टर ने बताया कि अमेठी कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी के सर पर जो लाईट देखी गयी, वो और कुछ नहीं बल्कि कांग्रेस के ही एक फोटोग्राफर के कैमरे की लाईट थी।

Don`t copy text!