Bhopal News: परीक्षा के नौ बंडल प्रश्न पत्र चोरी होने के मामले में एग्जाम कंट्रोलर को थमाया नोटिस,पुलिस को परीक्षा शाखा के ही कर्मचारियों पर संदेह

भोपाल। राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) के बॉयोटेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट से चोरी हुए परीक्षा के नौ बंडल में रखे प्रश्न पत्रों के मामले में भीतरी कर्मचारी पर पुलिस को शक है। इसलिए वाइस चांसलर को पत्र लिखकर मामले की जांच कर रही भोपाल (Bhopal News) शहर की गांधी नगर थाना पुलिस ने कर्मचारियों की जानकारी और उनकी भूमिका उपलब्ध कराने पत्र लिख दिया है। इधर, वीसी ने एग्जाम कंट्रोलर को भी नोटिस थमा दिया है।
खिड़की तोड़कर भीतर घुसा है आरोपी
गांधी नगर (Gandhi Nagar) थाना पुलिस के मुताबिक 03 जुलाई की सुबह करीब 9:50 बजे विभाग का स्टाफ कार्यालय पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का ताला सुरक्षित था। लेकिन भीतर गोदरेज की अलमारी में लगा ताला टूटा मिला। उसके ही भीतर 03 जुलाई से होने वाली परीक्षा के प्रश्न पत्र रखे हुए थे। यह नौ बंडलों में थे जो गायब हुए। जिस कारण परीक्षा स्थगित की गई। यह पता चलने पर छात्रों ने उग्र आंदोलन कैंपस में कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राध्यापक डॉक्टर सुरेश कुमार (Dr Suresh Kumar) ने थाने में जाकर मुकदमा दर्ज कराया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी भवन की साइड में लगी खिड़की तोड़कर भीतर घुसा था। इसके लिए बाथरूम में भी तोड़फोड़ की गई और नल की टोंटी टूटी हुई मिली। चोरी हुए बंडलों में बीटेक चौथे सेमेस्टर के अलग-अलग विषयों के प्रश्नपत्र शामिल थे।
आज शाम दर्ज किए जाएंगे बयान
गांधी नगर थाना पुलिस की तरफ से फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम को बुलाया गया। स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी भवन (School Of Biotechnology Building) में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। इससे आरोपियों की पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो गया है। पुलिस (Bhopal News) आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस को शक है कि वारदात के पीछे प्रबंधन से ही जुड़े किसी कर्मचारी की भूमिका है। इसलिए जहां प्रश्नपत्र रखे थे उनसे जुड़े लोगों की जानकारी मामले की जांच कर रहे एएसआई बीआर सूर्यवंशी (ASI BR Suryavanshi) ने मांगी है। इसमें से कुछ कर्मचारियों को 04 जुलाई की शाम बयान दर्ज करने के लिए भी बुलाया गया है।
आरजीपीवीवी के वीसी ने एग्जाम कंट्रोलर को थमाया नोटिस
घटना के खिलाफ छात्र संघों के आंदोलन को देखते हुए आरजीपीवीवी के वाइस चांसलर प्रोफेसर आलोक शर्मा (Vice-Chancellor Professor Alok Sharma) ने एग्जाम कंट्रोलर डॉक्टर अर्चना तिवारी (Dr Archna Tiwari) को नोटिस थमा दिया है। उन्होंने परीक्षाओं के प्रश्न पत्र बायोटेक्नोलॉजी विभाग से गायब होने पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने गोपनीयता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तीन दिन के भीतर में स्पष्टीकरण देने का नोटिस थमा दिया है।
खबर के लिए ऐसे जुड़े

हमारी कोशिश है कि शोध परक खबरों की संख्या बढ़ाई जाए। इसके लिए कई विषयों पर कार्य जारी है। हम आपसे अपील करते हैं कि हमारी मुहिम को आवाज देने के लिए आपका साथ जरुरी है। हमारे www.thecrimeinfo.com के फेसबुक पेज और यू ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें। आप हमारे व्हाट्स एप्प न्यूज सेक्शन से जुड़ना चाहते हैं या फिर कोई घटना या समाचार की जानकारी देना चाहते हैं तो मोबाइल नंबर 7898656291 पर संपर्क कर सकते हैं।