Raigarh Double Murder Case : महिला वकील और बेटी की हत्या का आरोपी बीजेडी लीडर गिरफ्तार

Share

2016 में हुए डबल मर्डर केस का खुलासा, अनूप कुमार साय गिरफ्तार

पुलिस गिरफ्त में अनूप साय

रायगढ़। Raigarh Double Murder Case मई 2016 में हुए डबल मर्डर केस का रायगढ़ पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने पेशे से वकील महिला और उसकी बेटी की हत्या के आरोप में पूर्व विधायक और बीजू जनता दल ओडिशा के नेता अनूप कुमार साय (Anup Sai) को गिरफ्तार किया है। साय पर वकील कल्पना और उसकी 14 वर्षीय बेटी प्रवती (Kalpana & Pravati Murder Case) की हत्या का आरोप है। कल्पना और प्रवृति की बेरहमी से हत्या कर सड़क पर फेंक दिया गया था, जिसके बाद शवों को गाड़ी से रौंदा भी गया था। 6 मई 2016 को पुलिस ने दोनों के शव रायगढ़ से करीब 10 किलोमीटर दूर संबलपुरी इलाके से बरामद किए थे। जिसके बाद से ही पुलिस इस डबल मर्डर की मिस्ट्री को सुलझाने में जुटी हुई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस को 2017 में ही आरोपी का पता चल गया था। लेकिन तब छत्तीसगढ़ में बीजेपी सरकार थी। लिहाजा बीजेपी-बीजेडी के तालमेल के चलते अनूप को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा था। अनूप ओडिशा के ब्रजराजनगर से 3 बार विधायक रह चुका है।

6 मई 2016 को पुलिस को बंगुरसिया मार्ग पर संबलपुरी में स्थित शाकंबरी फैक्ट्री के नजदीक सड़क पर दो महिलाओं के शव पड़े होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद से पुलिस जांच में जुटी थी। शुरुआती जांच में पुलिस को शवों की शिनाख्त के लिए भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। इलाका ओडिशा बॉर्डर से लगा हुआ था। लिहाजा पुलिस ने ओडिशा के बरगढ़ जिले में भी कल्पना और प्रवती के पोस्टर लगाए। कल्पना का एक रिश्तेदार पुलिस कांस्टेबल था। उसकी नजर जब पोस्टर पर पड़ी तो उसने क्राइम ब्रांच को सूचित किया।

यह भी पढ़ें:   डूबने से महिला और दो बच्चों की मौत, तीन युवक बहे

पुलिस कांस्टेबल की सूचना पर पुलिस कल्पना के पूर्व पति सुनील श्रीवास्तव तक पहुंची। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि कल्पना और अनूप साय के बीच बढ़ती नजदीकियों के चलते वो 2010 में उससे अलग हो गया था। जिसके बाद सुनील श्रीवास्तव और प्रवती के डीएनए की जांच कराई गई। जिससे साबित हो गया कि सुनील सच बोल रहा है। जिसके बाद शक की सुईं अनूप साय की तरफ मुड़ गई। पुलिस ने अनूप और कल्पना की कॉल डिटेल्स निकाली तो उसके हाथ कई पुख्ता सबूत लग गए। कल्पना को आखिरी कॉल भी अनूप ने ही किया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस पूछताछ में अनूप ने जुर्म कबूल कर लिया है। जानकारी के मुताबिक अनूप को पेशे से वकील कल्पना और उसकी बेटी प्रवती का अन्य लोगों से मिलना जुलना पसंद नहीं था। वहीं पुलिस को शक है कि पहले से शादीशुदा अनूप के कल्पना के साथ विवाहेत्तर संबंध थे। हो सकता है कि कल्पना उसे ब्लैकमेल कर रही हो या प्रॉपर्टी में हिस्सा मांग रही हो तो उसे रास्ते से हटा दिया गया हो। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Don`t copy text!