Bhopal Cop News: पुलिस कमिश्नर ने तैनाती से संबंधित आदेश किए जारी, कलेक्टर कार्यालय की समिति ने नक्शे को भी दे दी मंजूरी

भोपाल। कोलार रोड में स्थित कजलीखेड़ा पुलिस चौकी अगले सप्ताह थाने का रुप ले लेगी। इसके लिए कलेक्टर कार्यालय ने क्षेत्र के नक्शे (Bhopal Cop News) को आधिकारिक मंजूरी दे दी है। वहीं भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बल को मंजूरी दे दी। हालांकि स्वीकृत संख्या से लगभग 60 फीसदी बल की कमी के साथ भोपाल शहर का यह 35 वां थाना शुरु होने जा रहा है।
कजलीखेड़ा थाने की सीमाएं तय हुई
जानकारी के अनुसार थाने को निरीक्षक का एक पद मंजूर किया गया है। इसके अलावा उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षक के सात-सात पद मंजूर किए गए हैं। वहीं आठ प्रधान आरक्षकों के अलावा 29 आरक्षकों का पद थाने के लिए स्वीकृत किया गया। थाने के लिए दो चालक कांस्टेबल और एक चालक हवलदार के लिए रखा गया है। इसके साथ ही पुलिस कमिश्रर ने थाने के लिए पदस्थापना आदेश भी जारी कर दिया है। जिसमें सिर्फ एक एसआई केशांत शर्मा (SI Keshant Sharma) को यहां भेजा गया है। इसके अलावा तीन एएसआई रुपेश नर्रे (ASI Rupesh Narre) , संतोष कुमार (Santosh Kumar) और मनोज नागवंशी (Manoj Nagvanshi) को कोलार रोड (Kolar Road) थाने से यहां भेजा गया है। पांच हवलदार और नौ आरक्षकों को कजलीखेड़ा (Kajlikheda) थाने में कोलार रोड से भेजा गया है। मौजूदा बल में सिर्फ दो महिला आरक्षकों को तैनाती आदेश हुए हैं। यानि साफ है कि स्वीकृत 55 बल के मुकाबले हर पदों में भारी कमी के साथ 20 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों के साथ कजलीखेड़ा थाना अगले सप्ताह खुल जाएगा। इससे पहले कलेक्टर कार्यालय ने कजलीखेड़ा थाने की सीमाएं भी तय कर दी। इसमें आठ ग्राम पंयायत बोरदा, महाबडिया, कालापानी, अमरावत कला, सुरैया नगर, पिपलिया रानी, गोल और खाण्डाबड़ ग्राम पंचायत को शामिल किया गया है। इसके अलावा नगर निगम के दो वार्ड 81 और 84 को कजलीखेड़ा थाने की सीमा में दिया गया है। इससे पहले यह सारे क्षेत्र कोलार रोड थाने में आते थे।
थाना प्रभारी की कुर्सी पर नजर
पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली दिसंबर, 2021 में शुरु हुई थी। जिसके बाद भोपाल शहर के 34 थानों को इसमें शामिल किया गया था। इसके अलावा भोपाल देहात के सात थाने अलग किए गए थे। भोपाल शहर के चार जोन थानों के बनाए गए। क्षेत्रफल के लिहाज से सबसे बड़ा जोन—4 है। जिसमें अभी तक सिर्फ सात थाने हैं। कजलीखेड़ा थाना बनेगा तो यह संख्या आठ पर पहुंच जाएगी। जोन—4 में शामिल कजलीखेड़ा, कोलार रोड और चूना भट्टी थाने की सीमा शुरु से ही विवादों में रही हैं। दरअसल, यह थाने जोन—4 में आते है। जिसके डीसीपी गांधी नगर थाने के नजदीक बैठते हैं। गंभीर वारदात होने पर डीसीपी को वहां से यहां आना पड़ता है। इसी तरह यहां के पीड़ितों को भी डीसीपी से शिकायत करने के लिए शहर का आधा हिस्सा पार करके वहां जाना होता है। इधर, कजलीखेड़ा थाने का पहला प्रभारी कौन होगा इस बात को लेकर पुलिस महकमे में काफी चर्चा है। फिलहाल थाने की कमान एसआई केशांत शर्मा (SI Keshant Sharma) के पास रहेगी। लेकिन, यहां भौगोलिक और अपराधों की संख्या को देखते हुए पहले निरीक्षक की तैनाती की जाएगी।
खबर के लिए ऐसे जुड़े

हमारी कोशिश है कि शोध परक खबरों की संख्या बढ़ाई जाए। इसके लिए कई विषयों पर कार्य जारी है। हम आपसे अपील करते हैं कि हमारी मुहिम को आवाज देने के लिए आपका साथ जरुरी है। हमारे www.thecrimeinfo.com के फेसबुक पेज और यू ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें। आप हमारे व्हाट्स एप्प न्यूज सेक्शन से जुड़ना चाहते हैं या फिर कोई घटना या समाचार की जानकारी देना चाहते हैं तो मोबाइल नंबर 7898656291 पर संपर्क कर सकते हैं।