Bhopal Cheating News: शादी कराने वाले दलाल समेत आधा दर्जन के खिलाफ प्रकरण दर्ज, झांसा देने वाली दो युवतियों को दबोचा गया

भोपाल। लुटेरी दुल्हन के झांसे में एक किसान आ गया। उसकी शादी करने के लिए दलाल ने 50 हजार रुपए में सौदा किया था। शादी के बाद लुटेरी दुल्हन बीमारी का बहाना बनाकर उपहार में मिले जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई। यह वारदात भोपाल (Bhopal Cheating News) देहात के बैरसिया थाना क्षेत्र में हुई है। किसान अपने स्तर पर आरोपियों को पहले तलाश रहा था। इस दौरान उसे बलात्कार के फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई। जिसके बाद यह मामला पुलिस थाने में पहुंचा। पुलिस ने लुटेरी दुल्हन और उसकी साथी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि चार अन्य आरोपियों के बारे में पता लगाया जा रहा है।
बीमारी का बहाना बनाकर अन्य युवक के साथ भागी
बैरसिया (Berasia) थाना पुलिस के अनुसार दशरथ सिंह बघेल पिता बुंदेल सिंह बघेल उम्र 42 साल ग्राम मेगरा कला में रहते हैं। वे किसानी का काम करते हैं। दशरथ सिंह बघेल (Dashrath Singh Baghel) की पहली पत्नी का बीमारी के चलते निधन हो गया था। दूसरी पत्नी से शादी हुई तो वह कुछ दिन उसके साथ रह सकी। वह शादी करने के लिए वधु की तलाश कर रहे थे। यह बात उनके खेत के नजदीक दूसरे किसान गोपाल सिंह मीणा (Gopal Singh Meena) को भी पता थी। इसलिए उन्होंने जनवरी, 2026 में कहा कि वे एक व्यक्ति को जानते हैं जो गरीब लड़कियों का इंतजाम करता है और शादी कराता है। लड़की दिलाने के एवज में उसने 50 हजार रुपए की मांग रखी थी। दशरथ सिंह बघेल को शादी करनी थी। इसलिए उन्होंने उसे रकम दे दी। जिसके बाद उनका परिचय जमूसर कला में रहने वाले सलीम बेलदार से मिलाया। सलीम बेलदार (Saleem Beldar) ने बताया कि समन्द गुर्जर (Samand Gurjar) और बहादुर गुर्जर (Bahadur Gurjar) के पास दो लड़कियां हैं। उनमें से एक लड़की को उससे मिलाया गया। दशरथ सिंह बघेल को बताया कि वह शिवानी कुशवाहा (Shivani Kushwah) है और कटनी की रहने वाली है। कुशवाहा समाज की होने के चलते रिश्ता तय हो गया। इसके बाद 29 जनवरी को गोपाल सिंह मीणा ने यह बोलकर लड़की सौंप दी कि वह कुछ दिन बाद उसे आकर कटनी (Katni) के लिए ले जाएगा। जिसके बाद दशरथ सिंह बघेल ने उस लड़की के साथ शादी की और उसे उपहार देने के अलावा जेवरात भी दिए। यह जेवरात लगभग डेढ़ लाख रुपए कीमत के थे। इसके अलावा गोपाल सिंह मीणा को वह 50 हजार रुपए दे चुके थे। शादी होने के बाद उसी दिन रात को युवती की तबीयत बिगड़ी। उसने पेट में दर्द की शिकायत बताई। जिसके बाद दशरथ सिंह बघेल उसे बैरसिया अस्पताल (Berasia Hospital) ले गया। लेकिन वहां शिवानी कुशवाहा नाम की लड़की पल्सर बाइक (Bike) से आए एक युवक के साथ भाग गई। इसके बाद उन्होंने गोपाल सिंह मीणा से विरोध जताया और अपनी दी हुई रकम के अलावा जेवरात वापस मांगे। पीड़ित के पास युवती के फोटो भी थे। उसे वह अपने स्तर पर तलाश रहा था। इसी दौरान शिवानी कुशवाह के बारे में जानकारी मिली कि वह लुटेरी दुल्हन हैं। उसका असली नाम दूसरा हैं। जिसके बाद यह मामला पुलिस थाने में पहुंचा।
पुराने रिकार्ड खंगाल रही पुलिस
बैरसिया पुलिस ने 2-3 मार्च की दरमियानी रात जालसाजी और लुटेरी दुल्हन बनकर लूटपाट करने का प्रकरण 129/26 दर्ज कर लिया। पुलिस ने इस मामले में पप्पी जाटव (Pappi Jatav) पिता करन सिंह जाटव उम्र 21 साल और रोशनी जाटव (Roshni Jatav) पति बहादुर गुर्जर उम्र 22 साल को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि रोशनी के पति बहादुर सिंह गुर्जर, गोपाल सिंह मीणा, समन्द गुर्जर और सलीम बेलदार की पुलिस को तलाश है। रोशनी जाटव ही पीड़ित के पास शिवानी कुशवाह बनकर पहुंची थी। जबकि उसकी रिश्तेदार बनकर पप्पी जाटव आई थी। दोनों दलित समाज की होने के बावजूद अपनी जाति कुशवाह बनाई थी। पुलिस आरोपियों के संबंध में पुराने रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है।
खबर के लिए ऐसे जुड़े

हमारी कोशिश है कि शोध परक खबरों की संख्या बढ़ाई जाए। इसके लिए कई विषयों पर कार्य जारी है। हम आपसे अपील करते हैं कि हमारी मुहिम को आवाज देने के लिए आपका साथ जरुरी है। हमारे www.thecrimeinfo.com के फेसबुक पेज और यू ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें। आप हमारे व्हाट्स एप्प न्यूज सेक्शन से जुड़ना चाहते हैं या फिर कोई घटना या समाचार की जानकारी देना चाहते हैं तो मोबाइल नंबर 7898656291 पर संपर्क कर सकते हैं।