किंग्स इलेवन पंजाब के सह-मालिक नेस वाडिया को जापान में सुनाई गई दो साल की सजा

Share

25 ग्राम ड्रग्स के साथ जापान के एयरपोर्ट पर पकड़ाए थे वाडिया

कारोबारी नेस वाडिया

टोक्यो। वाडिया ग्रुप के चेयरमेन और आईपीएल टीम किंग्स इलेवन पंजाब के को-ऑनर नेस वाडिया को जापान की एक कोर्ट ने दो साल की सजा सुनाई है। वाडिया पर ड्रग्स रखने का आरोप है। उन्हें जापान के होक्काइडो आईलैंड एयरपोर्ट पर पुलिस ने 25 ग्राम ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया था। इसी साल मार्च में नेस वाडिया छुट्टियां मनाने जापान गए थे। पुलिस ने 20 मार्च तक वाडिया को हिरासत में रखा उसके बाद वे जमानत पर रिहा हुए और भारत आ गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक जापान के सपोरो जिला कोर्ट ने वाडिया को दो साल की सजा सुनाई है। हालांकि ये सजा पांच साल तक स्थगित रहेगी। लेकिन सजा सस्पेंशन के दौरान वे किसी अन्य गैर-कानूनी कार्य में लिप्त पाए गए तो उन्हें जेल भेज दिया जाएगा। वाडिया को सजा सुनाए जाने की खबर सामने आते ही वाडिया ग्रुप के शेयर में गिरावट आई है। खबर है कि शेयर की कीमत में 15 फीसदी की गिरावट हुई है।

विवादों से पुराना नाता

इससे पहले नेस वाडिया पर छेड़छाड़ का आरोप भी लग चुका है। आईपीएल के एक मैच के दौरान उन्होंने जबरन प्रीति जिंटा को गले लगा लिया था और छेड़छाड़ की थी। जिसके बाद प्रीति ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया था। प्रीति जिंटा नेस वाडिया की पूर्व गर्लफ्रेंंड रहीं है। जिंटा ने वाडिया पर बदसलूकी का आरोप भी लगाया था। पुलिस ने मामले की चार्जशीट भी पेश कर दी थी। लेकिन बाद में जिंटा ने केस वापस ले लिया।

यह भी पढ़ें:   यूरोप के एशियाई द्वार तुर्की से दोस्ती बढ़ा रहा चीन, क्या है भारत के लिए खतरा?
Don`t copy text!